समाधान दिवस पर आपस में भिड़े लेखपाल, पिटाई का आरोप
सदर कोतवाली में शनिवार को समाधान दिवस पर दो लेखपाल आपस में भिड़ गए। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष का आरोप है कि संगठन के प्रदेश मंत्री ने गाली देते हुए उनकी पिटाई की। इसको लेकर जिलाध्यक्ष कुछ लेखपालों के साथ कोतवाली में ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रदेश मंत्री के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर भी दी। हालांकि प्रदेश मंत्री ने पिटाई करने के आरोप को खारिज किया है।
शनिवार को सभी थानों में समाधान दिवस का आयोजन होता है। सदर कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में सदर तहसील के सोनूघाट हलके के लेखपाल व संघ के जिलाध्यक्ष चन्द्रभूषण पाण्डेय भी आए थे। करीब 11.30 बजे सोंदा के लेखपाल व संगठन के प्रदेश मंत्री कुमार श्रीवास्तव पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने संगठन के जिलाध्यक्ष को गाली देते हुए उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद जिलाध्यक्ष श्री पाण्डेय कुछ लेखपालों साथ कोतवाली में ही धरने पर बैठ गए तथा पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करने लगे। इसी बीच मामले की जानकारी होने पर मुख्य राजस्व अधिकारी ने उन्हें फोन कर अपने कार्यालय बुलाया। सीआरओ के बुलाने पर वह धरना समाप्त कर संगठन के पदाधिकारियों के साथ सीआरओ कार्यालय चले गए।
जिलाध्यक्ष चन्द्रभूषण पाण्डेय का कहना है कि समाधान दिवस में दिन में करीब 11.30 बजे संगठन के प्रदेश मंत्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव कुछ लोगों के साथ आए। उस समय कोतवाली में तहसीलदार व एसआई भी मौजूद थे। प्रदेश मंत्री ने आते ही उनकी सम्पत्ति व दुकान की जांच कराने का आरोप लगाते हुए बात शुरू कर दी। जांच कराने से इंकार करने पर उन्होंने गाली देते हुए थप्पड़ चला दिया। जिलाध्यक्ष का आरोप है कि पिटाई करने के साथ ही प्रदेश मंत्री ने जान से मारने की धमकी दी और उसके बाद कोतवाली से चले गए।
लेखपाल संघ के प्रदेश मंत्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि जिलाध्यक्ष मेरे खिलाफ लगातार अनाप- शनाप टिप्पणी कर रहे थे। समाधान दिवस पर मैने उनसे इसी के बारे में पूछा। इसी को लेकर कहासुनी हुई, लेकिन पिटाई करने का आरोप पूरी तरह गलत है। संगठन का चुनाव आने वाला है, इसलिए जिलाध्यक्ष झूठे आरोप लगाने की राजनीति कर रहे हैं।
सदर तहसीलदार आनन्द प्रकाश नायक ने कहा कि लेखपालों के बीच कुछ विवाद हुआ है। इस बारे में उच्चाधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। जैसा निर्देश होगा, कार्रवाई की जाएगी।
सदर कोतवाली टी जे सिंह ने कहा कि लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष ने तहरीर दी है। इसकी जांच की जा रही है। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।